अव्यवस्थाओं के बीच ढाई घंटे देर से शुरू हुई मतगणना
अफजलगढ़। भारी अव्यवस्थाओं के चलते मतदान का कार्य करीब ढाई घंटे विलंब से शुरू हुआ। इस वजह से अपराह्न तीन बजे तक सिर्फ चार ग्राम पंचायतों के नतीजे ही घोषित हो सके। मतगणना स्थल के बाहर मौजूद भीड़ ने इस दौरान कोरोना से बचाव को गाइडलाइन का पालन नहीं किया।
रविवार को मतगणना स्थल पर प्रवेश से पहले प्रत्याशी तथा मतगणना एजेंट सहित कर्मचारियों की ऑक्सीमीटर तथा थर्मल स्क्रीनिंग से जांच की गई। जांच में ठीक मिले लोगों की एंटीजन किट द्वारा कोरोना की जांच हुई। जांच मे दो मतगणना कर्मी कोरोना पोजिटिव मिले। देरी होते देख अधिकारियों द्वारा कोरोना जांच बंद कर केवल ऑक्सीमीटर तथा थर्मल स्क्रीनिंग से जांच कर लोगों को प्रवेश देने के निर्देश दिये गए। एक घंटा तक लगातार जांच के बाद करीब साढ़े दस बजे मतगणना का कार्य शुरू किया गया। अव्यवस्थाओं तथा बेहद धीमी गति के चलते अपराह्न तीन बजे तक विकास खंड की बेरखेड़ा तथा सिरियावाली ग्राम पंचायतों के नतीजे घोषित हुए।
घोषित नतीजों में ग्राम प्रधान पद के लिए देवेंद्र सिंह को 453 मत मिले तथा उनके प्रतिद्वंद्वी भूपिंदर सिंह को 379 मत मिले। सुल्तानपुर खास उर्फ सादकपुर से ग्राम प्रधान पद पर नरगिस जहां 525 वोट लेकर विजय रहीं। दूसरे नंबर पर शबाना को 443 मत मिले। ग्राम बेरखेड़ा से ग्राम प्रधान पद पर हरपाल सिंह 276 विजयी रहे। दूसरे नंबर पर सतीश त्यागी को 245 मत मिले। ग्राम जयसिंह जोत से ग्राम प्रधान पद पर प्रीति देवी को 452, विजय दूसरे नंबर पर मूर्ति देवी 290 वोट मिले। बीडीसी में ग्राम बेरखेड़ा से उपदेश कुमार को 284 मत, ग्राम जय सिंह जोत से गुड्डी देवी 488, सुल्तानपुर खास उर्फ सादकपुर से राजेश कुमार 516, कासमपुर गढ़ी से बुंदू हसन 237 मत पाकर विजयी रहे।
एडीएम अवधेश मिश्रा तथा एसपी पूर्वी अनित कुमार ने मतगणना स्थल का दौरा कर निरीक्षण किया। उन्होंने सीओ सुनीता दहिया तथा तहसीलदार रमेशचंद्र चौहान को जरूरी दिशा निर्देश दिए। दोनों ओर बैरीकेडिंग लगाई गई तथा केवल पास धारकों को ही मतगणना स्थल में प्रवेश दिया गया। बीडीओ जौहरी, कोतवाल नरेश कुमार, लेखपाल व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।