जिले में ग्रामपंचायत चुनाव के बाद बढ़ी कोरोना की रफ्तार
बिजनौर। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमण की रफ्तार तीन गुना बढ़ गई। पंचायत चुनाव से पहले 18 अप्रैल की शाम तक जनपद में कुल 5805 कोरोना संक्रमित मरीज थे, लेकिन 26 अप्रैल की शाम तक इनकी संख्या 8617 पहुंच गई। चुनाव ड्यूटी में लगे लगभग 1254 लोग संक्रमित हो गए हुए और 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।
इस बार कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर बहुत ही तेजी से दौड़ी है। पहली लहर में संक्रमित दर न के बराबर थी, लेकिन अब यह लगभग 80 फीसदी पर पहुंच गई है। इससे हर कोई परेशान है। शासन-प्रशासन की ओर से बार-बार लोगों को कोरोना से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिले में लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन फिर भी लोग समझने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है। मगर ऐसे में सरकारी कर्मचारी लाख सावधानी बरतने के बाद भी कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं।
अब तक पंचायत चुनावों में लगे 1254 कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकल चुके हैं। इनमें से आधा दर्जन से अधिक की मौतें हुई हैं। लोगों का सवाल ये है कि इस महामारी के दौर में सरकार को चुनाव नहीं कराने चाहिए थे। रोजाना बहुतायत संख्या में मिल रहे कोरोना संक्रमित मरीज इसकी गवाही दे रहे हैं। पंचायत चुनाव ड्यूटी करके आए कर्मचारी और उनके परिजनों में भय का माहौल है। कुछ कर्मचारी संक्रमित हुए हैं, जबकि कुछ ने डर के कारण अपनी जांच भी नहीं कराई। अब दो मई को मतगणना के लिए फिर से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तीव्रता के साथ बढ़ रही है। इस बार संक्रमण की दर 80 प्रतिशत अधिक है। इसलिए सभी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है, जिससे कोरोना को परास्त किया जा सके।
इस प्रकार से बढ़ा कोरोना संक्रमण
दिनांक संक्रमित मरीज
18 अप्रैल 5805
19 अप्रैल 6028
20 अप्रैल 6219
21 अप्रैल 6543
22 अप्रैल 6954
23 अप्रैल 7240
24 अप्रैल 7735
25 अप्रैल 8160
26 अप्रैल 8617
नोट- आंकड़े मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से लिए गए हैं।