कोरोना का कहर: विदेश से आए 11 संदिग्धों की तलाश
बिजनौर। विदेशों से जिले में आए 11 लोगों का पता जिला प्रशासन को नहीं चल रहा है। इन लोगों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी हुई है। दस लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ढूंढ लिया है। इन्हें जांच के लिए विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।
कोरोना वायरस को लेकर के आतंक से सभी दहशत में है। देश में आने जाने वाले सभी लोगों पर नजर रखी जा रही है। सीएमओ ने बताया कि जिले में बाहर से आए 27 लोगों की जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा चुकी है। जांच में इनमें से किसी को भी कोरोना वायरस नहीं मिला था। हाल ही में जिले में 21 लोग और विदेशों से आए हैं। ये लोग मलयेशिया, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया से आए हैं। जिले में आने के बाद इन लोगों का कुछ पता नहीं चला था। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन लोगों की तलाश में जुटी थी। इनमें से दस लोगों को विभाग की टीम ने ढूंढ लिया है। इनकी जांच की जाएगी। जांच की रिपोर्ट आने तक इन लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। बाकी 11 लोगों का अब तक कुछ पता नहीं चला है। विभाग की टीम इन लोगों की तलाश में लगी है।