कांवड़ झांकी के रूट को लेकर दो वर्गों में विवाद
शेरकोट (बिजनौर)। थाना क्षेत्र के गांव भनौटी में निकाली जा रही कांवड़ियों की झांकी के रूट को लेकर गांव के दो वर्गों में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने कई घंटे तक दोनों पक्षों को समझाने के बाद झांकी निकलवाई। तनाव को देखते हुए गांव में सर्किल के दो सीओ और कई थाने की पुलिस तैनात कर दी गई है।
गांव के कुलदीप कुमार, अमित शर्मा, त्रिवेंद्र कुमार, उमेश कुमार, तेजपाल सिंह, सुमेश कुमार, कामेश कुमार का कहना है कि महाशिवरात्रि के मौके पर गांव के जो शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर आते है। वह गांव में शिवभक्त कमेटी की ओर से कई साल से झांकी निकालते आ रहे हैं। कहा कि जब वे सोमवार दोपहर झांकी निकालते हुए एक बस्ती के मार्ग पर पहुंचे तो वहां पर दूसरे वर्ग के लोगों और महिलाओं ने रूट का बहाना बनाकर झांकी को रोक रुकवा दिया।
जबकि दूसरे वर्ग के मोहम्मद साबिर, मुस्तफा, बहार आलम, शराफत आदि का कहना है कि उनका मकसद झांकी को रोकना नहीं है। झांकी अब तक जिस मार्ग से निकालते रहे हैं, उसी मार्ग से निकालें। लेकिन ये लोग जानबूझकर इस बार गांव में नए मार्ग से झांकी निकालने का प्रयास कर रहे थे। समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने बखेड़ा कर खड़ा कर दिया।
मामले की सूचना पाते ही धामपुर और अफजलगढ़ सीओ सर्किल के कई थानों की पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस पुलिस ने दोनों वर्गों के लोगों से वार्ता कर विवाद को खत्म करने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख गांव में शेरकोट के अलावा धामपुर और अफजलगढ़ सर्किल के कई थानों की पुलिस बुला ली गई। बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद परंपरागत मार्ग से झांकी निकलवाई गई। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
परंपरागत मार्ग से ही निकली झांकी
एसपी पूर्वी धामपुर ओमवीर सिंह का कहना है कि गांव के शिवभक्तों की झांकी का रिकार्ड थाने में अब तक दर्ज नहीं था। जिसके कारण गांव में दिक्कत आई। अब पुलिस रिकार्ड में भी दर्ज करा दिया जाएगा। पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों को बैठाकर मामले का पटाक्षेप करा झांकी को परंपरागत मार्गों से ही निकलवा दिया गया है।