- एडीओ, कंसल्टिंग इंजीनियर व प्रधान को नोटिस
- पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि, वेतन वृद्धि भी रोकी
- गंदगी के अंबार मिलने पर सफाई कर्मचारी निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की ग्राम पंचायत काजीवाला में पंचायत भवन का निर्माण पूर्ण नहीं कराया गया है। सचिव द्वारा पंचायत भवन को काफी समय पहले पूर्ण दिखा दिया गया है। पंचायत भवन में शौचालय का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है। साथ ही पंचायत भवन की बिल्डिंग में एवं उसके आसपास गंदगी का अंबार लगा मिला। जिसपर एडीओ से लेकर सचिव, कंसल्टिंग इंजीनियर पर कार्रवाई की गई। प्रधान को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
डीपीआरओ सतीश कुमार ने मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की पंचायत काजीवाला के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह बात सामने आई कि सामुदायिक शौचालय लगभग दो वर्ष पहले बनाया गया है, लेकिन शौचालय में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। सबमर्सिबल लगा है, लेकिन खराब स्थिति में है। शौचालय के अंदर सीट एवं टाइल बैठ गई है। गांव में साफ सफाई की व्यवस्था भी बहुत ज्यादा खराब मिली।
गांव में नालियां कीचड़ एवं कूड़ा करकट से अटी थीं। निरीक्षण के समय अश्विनी नामक सफाई कर्मचारी बिना किसी अनुमति के गायब मिला। ग्राम प्रधान द्वारा भी अवगत कराया गया कि सफाईकर्मी हमेशा इसी तरह बिना अनुमति के गायब हो जाता है। सफाई कार्य में लापरवाही करने एवं बिना अनुमति के समय से पहले गायब होने के लिए अश्विनी को निलंबित करने के आदेश दिए गए। साथ ही उपस्थित सफाई कर्मचारी द्वारा भी लापरवाही से कार्य करने के लिए संदीप सफाई कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
झूठी सूचना देने पर कार्रवाई
पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किए बिना झूठी रिपोर्ट देने के लिए, गांव में साफ सफाई न कराने के लिए , सामुदायिक शौचालय को क्रियाशील न करने, ओडीएफ प्लस के कार्य समय से पूरा न कराने एवं कराए गए कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार न कराने के लिए सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि एवं एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम प्रधान द्वारा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी कराने के निर्देश दिए गए। कंसल्टिंग इंजीनियर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।