सलावा-पौटी मार्ग का निर्माण शुरू
धामपुर। क्षेत्रवासियों की मांग पर लोनिवि की ओर से सलावा-पौटी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मिट्टी पड़ने के बाद पत्थर डालने का काम चल रहा है। लोगों का कहना है कि गन्ने का सीजन चल रहा है, गन्ने की मिल को आपूर्ति करने के लिए क्षेत्र के लोगों के लिए एकमात्र यही रास्ता है। पिछले 20 दिनों से इस मार्ग पर मिट्टी और पत्थर डालने का कार्य चलने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव चाकरपुर, तरकौला, सलावा, जगुपुरा, पौटी, सरकथलमाधों, उमरी खदाना के ग्रामीण पंकज कुमार शर्मा, राजीव कुमार, अतुल कुमार, सुनील, सुशील कुमार शर्मा, जगदेव सिंह, मुरारी सिंह, अरविंद चौहान का कहना है कि इस मार्ग के निर्माण के लिए लोग 20 साल से मांग कर रहे थे। अब क्षेत्र के विधायक और सांसद के प्रयास से इस मार्ग का निर्माण शुरू हो सका है। लोगों ने डीएम से मार्ग का निर्माण मानक अनुरूप कराने की मांग की है। आरोप है कि विभाग की ओर से मानक अनुरूप मिट़्टी नहीं डाली गई है, न ही पत्थर डाला जा रहा है। डीएम से जांच करा निर्माण कार्य को सही कराने की मांग की है। चेताया कि यदि मांग को ध्यान में रखकर पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन होगा। एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।