मंडावली/नजीबाबाद। साहित्यकार एवं हिंदी गजल के प्रणेता दुष्यंत कुमार की स्मृति में उनके पैतृक आवास पर संस्कृति विभाग की देखरेख में बनने वाले संग्रहालय निर्माण का शिलान्यास जनवरी के अंतिम सप्ताह में होगा। प्रोजेक्ट टीम ने उनके पैतृक गांव राजपुर नवादा पहुंचकर शिलान्यास कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
दुष्यंत कुमार की स्मृति में संस्कृति विभाग 687.89 लाख रुपये की लागत से उनके पैतृक गांव राजपुर नवादा में पुस्तकालय और ऑडिटोरियम के साथ भव्य संग्रहालय निर्माण कराएगा। दुष्यंत कुमार के पुत्रों आलोक त्यागी और कर्नल अपूर्व त्यागी द्वारा पैतृक संपत्ति पूर्व में ही संग्रहालय निर्माण के लिए राजस्व विभाग के नाम की जा चुकी है।
शनिवार को मेरठ से आए एमएलसी अश्वनी त्यागी और अतुल त्यागी ने प्रशासनिक अधिकारी सहायक प्रोजेक्ट प्रबंधक हरिशंकर गुप्ता, जेई सुधीर कुमार के साथ संग्रहालय निर्माण के प्रोजेक्ट पर चर्चा की। संग्रहालय निर्माण के लिए 343.49 लाख रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेट यूनिट मुरादाबाद संग्रहालय निर्माण कराएगी। एमएलसी मेरठ अश्वनी त्यागी ने बताया कि 23 जनवरी वसंत पंचमी को संस्कृत विभाग के मंत्री संग्रहालय निर्माण का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने शिलान्यास कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और क्षेत्र के ग्रामीणों से विचार विमर्श किया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिसोदिया, विधि प्रकोष्ठ के सत्यवीर त्यागी, राजन टंडन गोल्डी, बलराज त्यागी, आलोक त्यागी, राकेश त्यागी, चरण सिंह त्यागी, कुलदीप त्यागी सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।