- मेडिकल अस्पताल के भवन का अभी चल रहा है निर्माण कार्य
- स्वाहेड़ी में अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा मेडिकल कॉलेज का काम
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज के ज्यादातर भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जिसके चलते अब मेडिकल कॉलेज को पूर्ण स्वरूप में लाने के लिए फिनिशिंग कार्य शुरू कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज का करीब 77 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
स्वाहेड़ी में बन रहे सभी भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जिसके बाद वहां अब फिनिशिंग कार्य शुरू कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो करीब 10 भवनों में इस समय फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा है। स्वाहेड़ी में एकेडमिक ब्लॉक, बॉय हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, प्राचार्या आवास, प्रोफेसर आवास, मेडिकल स्टॉफ आवास, बहुउद्देश्यीय भवन में फिनिशिंग कार्य शुरू हो गया है। जबकि मेडिकल अस्पताल में धर्मशाला, रेजिडेंट हॉस्टल, नर्सेज हॉस्टल के भवन की फिनिशिंग की जा रही है। अभी 200 बेड के भवन का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। स्वाहेड़ी में जिन भवनों का फिनिशिंग कार्य चल रहा है, वह अक्तूबर तक तैयार हो जाएंगे।
टाइल्स का 90 प्रतिशत काम पूरा
महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में कई तरह से फिनिशिंग कार्य किया जा रहा है। जिनमें से टाइल्स का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। जल्द ही 10 प्रतिशत का पूरा होने की उम्मीद है। वहीं वर्तमान में रंगाई-पुताई, आंतरिक सड़क, खिड़की-दरवाजे, लाइट फिटिंग, पानी की पाइपलाइन आदि का काम किया जा रहा है।
चहारदीवार का निर्माण पूरा, सड़क भी जल्द बनेगी
मेडिकल कॉलेज परिसर में दो किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। जिसका निर्माण का जून में ही शुरू हो गया था। सड़क का निर्माण भी अक्तूबर तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज परिसर की 1540 मीटर लंबी चहारदीवारी बन तैयार हो गई है।
वर्जन::
मेडिकल कॉलेज के भवनों का निर्माण पूरा हो गया है। इस समय फिनिशिंग कार्य किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था को मेडिकल कॉलेज का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। क्योंकि जल्द ही राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम निरीक्षण करने आ सकती है - डॉ. उर्मिला कार्या, प्रचार्या, मेडिकल कॉलेज, बिजनौर