अब कठियारी नदी से होकर आवागमन नहीं करेंगे पीतमगढ़ के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
भागूवाला/नजीबाबाद। इस बरसात गांव पीतमगढ़ के लोगों को कठियारी नदी के उफान से होकर आवाममन नहीं करना पड़ेगा। ब्लॉक प्रमुख और ग्रामीणों के सहयोग से कठियारी नदी पर पुलिया बनकर तैयार हो गई है। जल्द ही पुलिया की एप्रोच निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके बाद आवागमन शुरू होगा।
भागूवाला क्षेत्र के गांव मिर्जापुर उर्फ पीतमगढ़ दो नदियों कोटावाली और कठियारी नदी के बीच बसा है। गांव की एक हजार से अधिक की आबादी है। बरसात में नदियां उफान पर होने के कारण लोगों को नदी से होकर आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई और जिला कार्यालय पर धरना भी दिया, लेकिन पुलिया निर्माण के लिए कोई बजट जारी नहीं हुआ।
ऐसे में ब्लॉक प्रमुख और जनसहयोग से कठियारी नदी पर आवागमन के लिए पुलिया का निर्माण कराया गया। मंगलवार को पुलिया पर लिंटर डालने का कार्य पूरा हो गया है। पुलिया के एप्रोच निर्माण का कार्य जल्द कराया जाएगा।
पुलिया निर्माण से ग्रामीणों में खुशी
कठियारी नदी पर पुलिया बनने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। कठियारी नदी एक बरसाती नदी है। बारिश होने पर कठियारी नदी में पानी आ जाता है। इस कारण विद्यार्थियों को मजबूरन नदी से होकर आवागमन करना पड़ता हैं। पुलिया बनने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन के लिए जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा।
कठियारी नदी पर पुलिया बनकर तैयार हो गई है। निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। जल्द ही पुलिया के संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। - तपराज सिंह, ब्लॉक प्रमुख, नजीबाबाद