- बुलंदशहर के लिए खास -
- ससुर की तहरीर पर सिपाही के खिलाफ दर्ज किया गया केस
- पत्नी का गला दबाकर किया था मारने का प्रयास, अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पत्नी को गला दबाकर जान से मारने के प्रयास में आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सिपाही के ससुर ने यह केस कराया है। फिलहाल महिला का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सोमवार को बिजनौर शहर कोतवाली में बुलंदशहर के गांव दरावर निवासी कन्हैयालाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया कि उन्होंने अपनी बेटी पिंकी की शादी साल 2014 में प्रदीप पुत्र भीमसेन निवासी गांव खनपुरा बुलंदशहर के संग की थी। प्रदीप यूपी पुलिस में नौकरी करता है, जो फिलहाल बिजनौर में तैनात है। प्रदीप परिवार के साथ बिजनौर के शांतिनगर में किराए का कमरा लेकर रहता है। प्रदीप ने शनिवार की देर शाम किसी बात को लेकर पिंकी से झगड़ा किया और मारपीट करते हुए जान से मारने की नियत से गला दबा दिया। बता दें कि विवाद इतना बढ़ा था कि सिपाही ने पत्नी का गला घोंट दिया।
यह वाकया देख उसके बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर उनके कमरे में पहुंचे मकान मालिक ने किसी तरह से सिपाही से उसकी पत्नी को छुड़ाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत ही महिला को अस्पताल में भर्ती कराया था। फिलहाल महिला का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में शहर कोतवाल नरेंद्र गौड़ ने बताया कि सिपाही के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।