बिजनौर, नहटौर। गांव खजूरा जट में किसान जबर सिंह के ऐलानिया कत्ल के मामले में पुलिस ने शनिवार को हत्याकांड की साजिश रचने के आरोपी उसके तहेरे भाई विजयपाल को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को गांव खजूरा जट निवासी किसान जबर सिंह की उसके तहेरे भाइयों ने जंगल में काम करते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक की माता शकुंतला देवी पत्नी स्व.अमर सिंह की ओर से अमरपाल व प्रताप, विकास उर्फ मानू निवासी ग्राम खजूराजट, बब्लू व कपिल निवाती फुलसंदा के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरपाल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं मृतक की मां शकुंतला देवी ने पुलिस अधिक्षक को प्रार्थना पत्र देकर विजयपाल निवासी ग्राम खजूरा जट तथा हर्ष कुमार निवासी ग्राम पौटा पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगते हुए उनके नाम भी मुकदमे में शामिल करने की गुहार लगाई थी। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार पुलिस ने विवेचना में खजूरा जट निवासी विजयपाल को घटना की साजिश रचने में संलिप्त पाया। शनिवार को उसे गिरफ्तार करके संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।