चुनाव में रचा गया हत्या का षड्यंत्र
बिजनौर। गांव धौकलपुर में चाचा भतीजे की हत्या करने की सारी पटकथा ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान आरोपी सीमा सुरक्षा बल के जवान नितिन ने लिख दी थी। एक माह से ज्यादा समय तक वह गांव में रहा और हत्या का ताना बाना बुनता रहा। नितिन का मकसद अपने पिता की हत्या का बदला लेना था। इसी कारण से वह गांव आया था। हत्या के लिए उसने अपने दोनों भाइयों को पहले ही तैयार कर लिया था।
नितिन बिहार के दानापुर में सीमा सुरक्षा बल में तैनात है। एक माह पहले वह छुट्टी पर गांव आया था। अपनी मां केलो देवी को चुनाव के लिए तैयार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नितिन अपनी मां को चुनाव लड़ाने नहीं आया था, बल्कि पिता की हत्या का बदला लेने के लिए आया था। इसके लिए उसने अपने छोटे भाई कृष्णा कुमार व अनुज को तैयार किया। गांव में चुनाव के दौरान नितिन हर किसी के पैर छूता घूम रहा था। किसी को इस बात का एहसास नहीं होने दिया कि उसके मन में क्या चल रहा है। पुलिस के मुताबिक चुनाव के तीन दिन पहले नितिन ने अपनी मां को चुनाव से अलग करके बैठा दिया था। अगर नितिन को अपनी मां को ग्राम प्रधान बनाना होता तो वह चुनाव से तीन दिन पहले क्यों अलग किया। छह मई को नितिन अपने भाइयों को हत्या की जिम्मेदारी देकर गांव से नौकरी पर चला गया। इसके बाद छोटा भाई अनुज और कृष्णा शिक्षक धीर सिंह व उसके भतीजे अंकुर की हत्या करने की फिराक में लग गए, पर उन्हें मौका नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक पांच मई को अनुज हत्या के लिए एक सेकेंड हैंड कार खरीदना चाहता था। एक मिस्त्री के पास कार खरीदने गया। मिस्त्री ने कार के 95 हजार रुपये मांगे पर अनुज 70 हजार से ज्यादा देने को राजी नहीं हुआ। इसके बाद अनुज दूसरी कार की तलाश में जुट गया। पुलिस को शक है कि धीर सिंह व उसके भतीजे अंकुर की हत्या करने के लिए अनुज ने कार खरीदी या किसी दोस्त की कार ली है। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। कार से दोनों की हत्या को अंजाम दिया गया।
गांव के पास चार दिन से घूम रही थी कार
धीर सिंह व उसके भतीजे अंकुर की हत्या में जो कार इस्तेमाल हुई वह गांव के आसपास पिछले चार दिनों से घूम रही थी। कार में कौन लोग सवार थे ये किसी को नहीं पता। इस बात की पुलिस को जानकारी मिली है कि हत्या के वक्त अनुज और कृष्णा दोनों सवार थे। बाकी अन्य लोग उनके साथ थे।
25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित
धीर सिंह व उसके भतीजे अंकुर की हत्या करने वाले गांव के ही अनुज, उसका भाई कृष्णा व नितिन, गांव कंभौर निवासी देवेंद्र, गांव रावणपुर निवासी ललित, अमित सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। एसपी डा.धर्मवीर सिंह के मुताबिक डीआईजी मुरादाबाद की ओर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित करके कुर्की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी रंजिश में हुआ हत्याकांड
एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह के मुताबिक चुनावी रंजिश को लेकर धौकलपुर में दोहरा हत्याकांड नहीं हुआ है, बल्कि पुरानी रंजिश को लेकर यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि चुनावी रंजिश से इस घटना का कोई लेना देना नहीं है। अमन सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए घटने को अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।