बकाएदार विद्युत उपभोक्ताओं के कटेंगे कनेक्शन
बिजनौर। बकाया बिजली बिल वसूली के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने सख्त रवैया अपनाना शुरू कर दिया है। विद्युत निगम की ओर से दो माह या 10000 रुपये से ऊपर वाले बकाएदारों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस के बाद बकाया जमा नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे।
विद्युत अफसरों के तमाम प्रयास के बावजूद बिजली बिल बकाएदारों की सूची कम नहीं हो रही है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग अब सख्त हो गया। अधिकारियों ने बकाएदारों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। दस हजार रुपये एवं उससे ऊपर के बकाएदारों को नोटिस जारी करने के लिए उनकी सूची बनाई जा रही है। साथ ही अवर अभियंताओं की टीम विद्युत फीडर बार डोर-टू-डोर उपभोक्ताओं के यहां पहुंचेगी। विद्युत टीम पहले बकाएदार उपभोक्ता से बिजली बिल जमा करने का आग्रह करेगी। बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने पर उपभोक्ता का कनेक्शन विच्छेद करेगी। यह अभियान शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचल क्षेत्र में भी चलेगा।
बिजनौर डिवीजन के सदर एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि बकाएदारों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। साथ ही अवर अभियंताओं की टीम विद्युत फीडर बार उपभोक्ताओं के यहां डोर टू डोर पहुंचकर बकाया जमा कराएंगे। जमा नहीं करने वाले उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया जाएगा।