अमर उजाला लक्ष्य 2016 स्कॉलरशिप की परीक्षा देते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में अमर उजाला द्वारा आयोजित एजुकेशन फेयर लक्ष्य-2016 के अंतर्गत रविवार को स्कॉलरशिप टेस्ट आयोजित हुआ। टेस्ट में प्रथम श्रेणी से इंटर की बोर्ड परीक्षा पास करने वाले 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में लकी ड्रा निकालकर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कॅरियर काउंसिलिंग के लिए लगे स्टॉल का उद्घाटन एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्रा ने किया। स्कॉलरशिप टेस्ट के साथ अमर उजाला का दो दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। हालांकि अमर उजाला द्वारा आयोजित स्कॉलरशिप का रिजल्ट अमर उजाला में ही प्रकाशित किया जाएगा।
एडीएम प्रशासन ने स्टॉल का निरीक्षण किया और अनेक यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित कोर्स व उनकी फीस के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्टॉल पर खड़े विद्यार्थियों से उनकी रुचि के सब्जेक्ट भी पूछे। एडीएम प्रशासन ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ने और आगे बढ़ने का आह्वान किया। अमर उजाला द्वारा आयोजित स्कॉलरशिप टेस्ट एक बजे शुरू हुआ। टेस्ट में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
टेस्ट 40 मिनट बाद खत्म हुआ। टेस्ट देने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर सफलता का आत्मविश्वास झलक रहा था। अमर उजाला व कार्यक्रम में आए कॉलेजों द्वारा लकी ड्रा निकालकर विजेता विद्यार्थियों को गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।
एजुकेशन फेयर लक्ष्य-2016 में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को अमर उजाला द्वारा एप्रिसिऐशन सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। सर्टिफिकेट लेकर विद्यार्थी बहुत खुश नजर आए। उन्होंने इस आयोजन के लिए अमर उजाला ग्रुप का आभार जताया है।