नजीबाबाद में प्रसव के कुछ घंटे बाद ही एक नर्सिंगहोम में महिला की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए काफी देर हंगामा किया। बाद में परिजन बिना किसी कार्रवाई के महिला का शव साथ ले गए।
तहसील के गांव कबाड़ीवाला निवासी सचिन की पत्नी आशु ने जलालाबाद के निकट प्रसाद नर्सिंगहोम में सोमवार की शाम एक बच्चे को जन्म दिया था। बताया कि देर रात अचानक काफी ब्लीडिंग के बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया।
परिजनों का आरोप था कि जच्चा की देर रात हालत बिगड़ने के बाद महिला चिकित्सक ने उसके उपचार में लापरवाही की जिससे उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण नर्सिंगहोम पहुंच गए। हंगामा होने की सूचना पर मंगलवार की तड़के पुलिस नर्सिंगहोम पहुंची।
उधर, नर्सिंगहोम मालिक डॉ. एस प्रसाद ने आरोप निराधार होने तथा ब्लीडिंग से महिला की अचानक हालत बिगड़ने से मौत की बात कही। काफी देर हंगामे के बाद पुलिस और संभ्रात लोगों के समझाने के बाद महिला का शव अपने साथ ले गए।