निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों का हंगामा
हल्दौर/ बिजनौर। शिक्षकों को दिए जा रहे निष्ठा प्रशिक्षण की व्यवस्था में सुधार न होने और हल्दौर में प्रशिक्षण के दौरान घटिया भोजन मिलने पर क्षुब्ध शिक्षकों ने खूब हंगामा किया। वहीं प्रशिक्षण के दौरान बीईओ के प्रशिक्षण सेंटर पर न आने पर भी शिक्षकों ने नाराजगी जताई। शिक्षकों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सारी व्यवस्था खैराबाद के एक शिक्षक के हवाले करने रोष जताते हुए मनमानी करने का आरोप लगाया है।
निष्ठा प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों के भोजन पर प्रतिदिन प्रति शिक्षक 200 रुपये शासन से आए हैं। पर ब्लॉक स्तर पर बीईओ की प्रशिक्षण में मनमानी चल रही है। हल्दौर में प्रशिक्षण में शुक्रवार को भोजन घटिया मिलने पर शिक्षकों ने खूब हंगामा किया। शिक्षकों का कहना है कि भोजन के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। मिठाई की जगह मात्र एक बेसन का लड्डू दिया जा रहा है। खाने की व्यवस्था खैराबाद के शिक्षक संजय कुमार को बीईओ द्वारा सौंपी गई है। शिक्षकों का कहना है कि खैराबाद के शिक्षक ब्लॉक में निष्ठा प्रशिक्षण के प्रशिक्षक भी नहीं है, जबकि निष्ठा का प्रशिक्षण दे रहे अन्य शिक्षकों पर व्यवस्था की कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। शिक्षक संजय कुमार मनमानी कर रहे हैं। खाने के लिए ब्लॉक स्तर पर कोई टेंडर भी नहीं किया गया है। शिक्षकों का कहना है कि भोजन व्यवस्था ठीक नहीं होने पर ब्लॉक के बीईओ को सूचना बुधवार को भी दी गई थी, पर शुक्रवार को भी वह प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे। प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि ‘निष्ठा’ प्रशिक्षण में हो रही मनमानी की जांच के लिए राज्य परियोजना निदेशक को मांग पत्र भेजा जाएगा, ताकि शासन से आई धनराशि की बंदरबांट को रोका जा सके। दूसरी ओर, बीईओ पी के कौशिक पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। उधर, शिक्षक संजय कुमार का कहना है कि उन्हें व्यवस्था के लिए बीईओ की ओर से लगाया गया है। वह कोई मनमानी नहीं कर रहे हैं।
निष्ठा प्रशिक्षण के लिए टेंडर नहीं कराना गलत: एएओ
निष्ठा प्रशिक्षण के लिए आई धनराशि का संचालन ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी शशि भूषण के संयुक्त खातों में आई है। जिले के सभी 11 विकास क्षेत्रों के संयुक्त खाते सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी के साथ खुले हुए हैं। उधर, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी शशि भूषण ने बताया कि सभी बीईओ को नियमानुसार प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए गए थे। यदि किसी ब्लॉक में निष्ठा प्रशिक्षण के लिए टेंडर नहीं किए जा रहे हैं तो गलत है उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जांच कर होगी कार्रवाई: बीएसए
बीआसी हल्दौर में प्रशिक्षण के लिए खाली कराए गए प्राइमरी स्कूल के बच्चों को शुक्रवार को दूसरी अतिरिक्त कक्षा में बैठाया गया। बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि निष्ठा प्रशिक्षण में किसी को भी अनियमितता नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि हल्दौर में शिक्षक संजय कुमार को खाने का प्रभारी बनाए जाने के मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। निष्ठा प्रशिक्षण में लगे प्रशिक्षकों से ही व्यवस्था कराई जाए। बीईओ का भी जवाब तलब किया जाएगा।