भागूवाला क्षेत्र में लापता युवक और उसके मोबाइल तलाशने के लिए कॉंबिंग का नेतृत्व करते सीओ।
- फोटो : NAZIBABAD
लापता युवक की तलाश में की कांबिंग
भागूवाला/नजीबाबाद। सीओ ने नहटौर के युवक गौरव और उसके मोबाइल की तलाश के लिए भागूवाला क्षेत्र में पुलिस बल के साथ कांबिंग की। नहटौर से लापता युवक की बाइक भागूवाला क्षेत्र में लावारिस मिली थी। बाइक से कुछ फासले पर मोबाइल की लोकेशन मिली, लेकिन युवक और मोबाइल का सुराग नहीं लग सका।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह, मंडावली के थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ ने पुलिस बल के साथ रविवार को भागूवाला क्षेत्र में नहटौर के गांव शेखुपुरा लाला निवासी एक नवंबर से लापता गौरव कुमार और उसके मोबाइल की तलाश के लिए तीन किलोमीटर सीमा में कांबिंग की। टीम भागूवाला की कठियारी नदी क्षेत्र में उस स्थान पर भी पहुंची जहां अंतिम बार गौरव के मोबाइल की लोकेशन मिली थी। मोबाइल की लोकेशन से करीब एक किलोमीटर दूरी पर कठियारी नदी क्षेत्र में हाईवे के किनारे गौरव की बाइक दो नवंबर को लावारिस मिली थी। सीओ ने बताया कि कोतवाली पूंडरीकला के रास्ते गौरव के नांगल क्षेत्र में अपने दोस्त के पास जाने और वहां से किरतपुर के लिए वापस होने की जानकारी मिली थी। सर्विलांस टीम के माध्यम से गौरव की तलाश में लगातार जुटी है।