संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। संविदा सफाई कर्मियों को स्थाई करने, मानदेय बढ़ाने को लेकर सफाई कर्मचारियों ने सड़क व कलक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलित सफाई कर्मी सोेमवार को इंदिरा बाल भवन से जुलूस की शक्ल में प्रदर्शन करते हुए नुमाइश ग्राउंड से किसान पथ होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे।
वाल्मीकि समाज ने संविदा पर तैनात सफाई कर्मियों को स्थायी करने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा।
ज्ञापन में कहा कि अगर 2027 के चुनाव से पहले सफाई कर्मचारियों को स्थायी न किया गया, तो सफाई कर्मचारी प्रदेश सरकार का विरोध करेंगे। साथ ही प्रदेश में समस्त नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों में हड़ताल की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान ठेका प्रथा बंद करने और संविदा पर तैनात सफाई कर्मियों को स्थायी करने की मांग की। इसके चलते 85 प्रतिशत लोग कर्जदार हो गए हैं। कहा कि सफाई कर्मचारियों को तुरंत नियमित करने का कार्य किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में कृष्णा वाल्मीकि, राजा, विशाल, पवन वाल्मीकि, गगन कुमार, यश, संजय, राजन वाल्मीकि आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।