अफजलगढ़ भूतपुरी रामगंगा घाट पर सफाई करते मजदूर।
- फोटो : BIJNOR
अफजलगढ़। मेला समिति की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप रामगंगा नदी पुल के नीचे घाट पर साफ सफाई का कार्य शुरू कराया गया। कंटीली झाड़ियां काटकर श्रद्धालुओं के आने जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करने में मजदूर लगे रहे।
भूतपूरी में रामगंगा नदी के घाट पर लगने वाले मेले की हर वर्ष मेले की तैयारी की जाती है, किंतु इस मेला लगने से तीन दिन पहले तक कोई साफ सफाई नही कराई गई। अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिस पर आनन फानन में मेला समिति का गठन कर ठेका देकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्य शुरू हुआ। इस वर्ष समिति की ओर से भूतपुरी निवासी भीम सिंह को एक लाख पांच हजार रुपये का ठेका दिया गया।
समिति के कोषाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के भजन कीर्तन विश्राम के लिए टेंट लगवाने व मेले में पथ प्रकाश के लिये लाइट, पीने के पानी, नदी किनारे बल्लियो की बेरिकेडिंग, मेले में मचान व आपातकालीन सेवा के लिए गोताखोरों आदि की व्यवस्था की जाएगी।
शुक्रवार को भी एसपी ग्रामीण राम अर्ज ने मेला स्थल का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए थे ।
रामगंगा नदी का जलस्तर हुआ कम ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को नदी का जलस्तर काफी कम हो गया नदी में करीब दो से तीन फुट ही पानी बह रहा है। बांध प्रशासन ने नदी में पानी नही छोड़ा तो मंगलवार को लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं को नदी में स्नान करने में परेशानी आएगी। वहीं पानी कम होने की वजह से नदी का कटान शुरू हुआ है, जो श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मुसीबत बनेगा।