कक्षा एक के छात्र पार करेंगे गिनती में 99 का आंकड़ा
बिजनौर। यदि सब कुछ योजना के तहत हुआ, तो परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं गिनती व पहाड़ों में फिसड्डी नहीं रहेंगे। कक्षा एक में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राएं गिनती में 99 का आंकड़ा पार करेंगे। यानी सब छात्रों को 100 तक गिनती लिखनी व पढ़नी आएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षकों की जवाबदेही तय की है।
परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ शिक्षा का माहौल बनाने पर बल दिया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को प्रारंभिक कक्षा में अक्षर ज्ञान, पढ़ना, गणित में 100 तक गिनती आदि में होशियार बनाया जा रहा है। इसके लिए शिक्षक, शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और प्रशिक्षण में शिक्षकों को कितने समय में, कितना पढ़ाने की समयसारिणी से अवगत कराया है। निश्चित समय में पढ़ाई में छात्रों को होशियार नहीं बनाया गया, तो उसकी जवाबदेही शिक्षक की होगी। अफसरों के अनुसार कक्षा एक के छात्र को अक्षर ज्ञान के साथ 100 तक गिनती याद करानी है। निरीक्षण के दौरान अफसर इसका मूल्यांकन करेंगे।
उधर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षा का अच्छा वातावरण तैयार हो रहा है। शिक्षक भी नवाचार के साथ छात्रों को होशियार बना रहे हैं। प्रारंभिक शिक्षा यानी कक्षा एक से तीन तक छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।