सड़क हादसे में कक्षा नौ के छात्र की मौत
हल्दौर। कार की टक्कर लगने से स्कूटी सवार कक्षा नौ का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। स्कूटी से टकराने के बाद कार दो अन्य बाइकों को चपेट में लेते हुए यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने फरार कार चालक के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने की मांग करते हुए हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम लगाए रखा। पुलिस ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
गांव शेरपुर कल्याण निवासी अश्मित कुमार उर्फ अंश (15) पुत्र विकास कुमार नगर के ही सेंटमेरी कान्वेंट स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे अंश हल्दौर से ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से घर लौट रहा था। नूरपुर- बिजनौर हाईवे पर स्थित अट्टे वाले बाबा के मंदिर के पर स्कूटी सवार अंश को कार ने टक्कर मार दी। जिसमें छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार बेकाबू होकर हाईवे किनारे मंदिर के निकट स्थित एक चाय की दुकान पर खड़ी दो बाइकों को क्षतिग्रस्त करते हुए यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराई। चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल छात्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर मौके पर पहुंचे और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। जिससे स्टेट हाईवे पर वाहनों की दोनों ओर लंबी कतार लग गई। सूचना पर थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
हल्दौर में सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत के विरोध में बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे पर जाम लगाते हुए ग्- फोटो : BIJNOR
हल्दौर में सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक और कार।- फोटो : BIJNOR