बिजनौर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025–26 के लिए जनपद बिजनौर में दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया जोर पकड़ रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक जिलेभर से कुल 51,989 दावे, 5,224 आपत्तियां और 8,887 संशोधन/विलोपन दर्ज किए जा चुके हैं। यह प्रक्रिया मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मतदाता सूची को लेकर विभिन्न तहसीलों में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। तहसील धामपुर में 12,898 दावे, 1,294 आपत्तियां और 2,487 संशोधन दर्ज हुए हैं। तहसील चांदपुर से 10,722 दावे, 589 आपत्तियां और 2,076 संशोधन सामने आए हैं। वहीं, तहसील बिजनौर में 12,612 दावे, 840 आपत्तियां और 2,172 संशोधन प्राप्त हुए हैं। तहसील नगीना में 5,486 दावे, 1,855 आपत्तियां और 149 संशोधन दर्ज हुए हैं, जबकि तहसील नजीबाबाद क्षेत्र से 10,271 दावे, 646 आपत्तियां और 2,003 संशोधन/विलोपन प्राप्त हुए हैं।
- अंतिम प्रकाशन से पूर्व जांच प्रक्रिया : एडीएम
एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित ने बताया कि प्राप्त दावों और आपत्तियों की नियमानुसार जांच की जा रही है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दावों व आपत्तियों का निस्तारण सुनिश्चित कराने में सहयोग करें।