- मृतक के ननिहाल वालों ने अक्सर मारपीट करने और भूखा रखने का लगाया आरोप
- चार साल से विवाद के चलते मायके में रह रही है बालक की मां, दादी के पास रहता था
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। दादी के पास रह रहे एक सात वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस पर बालक के ननिहाल वालों ने हंगामा किया। उन्होंने आए दिए बालक को कमरे में बंद रखने और खाना नहीं देने का आरोप लगाया। बालक की मां चार साल से ननिहाल में रह रही है और वह अपनी दादी के पास रहता था। पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया।
नगर के सदर बाजार निवासी आरिफ दिल्ली में रहकर एक होटल में काम करता है। उसकी पत्नी समा परवीन विवाद के चलते चार साल से अपने मायके काजीपाड़ा में रह रही है। इनके बेटे अर्श (11) और समद (7) अपनी दादी बुंदिया के पास रहते हैं। मंगलवार शाम समद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खबर लगते ही आरिफ भी दिल्ली से घर पहुंचा। उधर, आरिफ के ससुराल वाले और पत्नी भी बुधवार सुबह मौके पर पहुंच गए। बालक के ननिहाल वालों ने आरोप लगाया कि दोनों बालकों को कई-कई दिन तक कमरे में बंद करते हुए भूखा रखा जाता था। उन्होंने बालक के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया। हालांकि पुलिस बीमारी और कमजोरी के चलते बालक की मौत होना मान रही है।
उधर, हंगामा होने पर सीओ सिटी अनिल कुमार, कोतवाल जीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बालक के शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल जीत सिंह ने बताया कि बीमार होने के कारण बालक काफी कमजोर हो गया था, अब बीमारी के चलते ही उसकी मौत हुई है। फिर भी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पूछताछ के लिए मृतक के पिता को बुलाया गया है।