- मुंह में ज्यादा मीठे से फल-फूल रहे वैक्टीरिया, सड़ रहे दांत
- 150 बच्चे तक हर महीने दांतों की समस्या अस्पताल पहुंच रहे हैं
- 80 प्रतिशत बच्चों में टॉफी, चॉकलेट ज्यादा खाने से आ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बच्चों को टॉफी, चॉकलेट का चस्का भारी पड़ रहा है। मीठे से ज्यादा सेवन से मुंह में बैक्टीरिया फल-फूल रहे हैं। इससे बच्चों के दांतों में कैविटी की समस्या आ रही है। मेडिकल अस्पताल के दंत विभाग में हर महीने में 150 बच्चे पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर के दांतों में टॉफी और चॉकलेट से परेशानी बढ़ी है।
बच्चे मीठे का ज्यादा सेवन करते हैं। जो उनके दांताें से चिपक जाता है। बच्चे ब्रश भी कम करते हैं, जिससे दांतों की सफाई ठीक से नहीं हो पाती है। इसी वजह से मुंह में बैक्टीरिया बढ़कर दांतों को प्रभावित करने लगते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मीठे के ज्यादा सेवन से मुंह में एसिड बनता है। एसिड बनने से सही प्रकार से तत्व नहीं बन पाते हैं। कैल्शियम, आयरन सहित अन्य जरूर तत्व सही मात्रा में नहीं बन पाते हैं। इससे दांत कमजोर हो जाते हैं। इसके अलावा अगर पानी में फ्लोराइड की मात्रा एक पीपीएम से ज्यादा या कम होती है। इससे भी दांत कमजोर होते हैं। बच्चों में कोल्ड ड्रिंक पीने से भी दांत प्रभावित हो रहे हैं।
ऐसे करें बच्चों के दांतों का बचाव
-दांतों की नियमित रूप से सफाई करें
-ठंडी चीजों का सेवन ना करें
-मसूड़ों को साफ रखें
-सुबह-शाम ब्रश करें
-दांतों में समस्या दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लें
बच्चों को बार-बार खाने की आदत होती है, जो ठीक नहीं है। मीठे का ज्यादा सेवन करने से बैक्टीरिया पनप रहा है। अस्पताल आने वाले बच्चों में 80 प्रतिशत ज्यादा टॉफी, चॉकलेट खाने से दांत खराब होने के आ रहे हैं। दांतों को आराम दें। सफाई का विशेष ध्यान रखें।....डॉ. ओपी सिंह, दंत रोग विशेषज्ञ, मेडिकल अस्पताल, बिजनौर