-खाद्य विभाग की तीन टीमों ने दुकानों पर जाकर की हलाल प्रमाणन उत्पादों की जांच
-सोमवार को चलाए गए अभियान नहीं मिला कोई हलाल प्रमाणन उत्पाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सरकार ने उत्तर प्रदेश में हलाल प्रमाणन उत्पादों पर पाबंदी लगा दी है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सतर्क हो गया है। सोमवार को खाद्य विभाग की टीम ने अभियान चलाकर हलाल प्रमाणन उत्पादों की जांच की। जिलेभर में यह अभियान चलाया गया।
बिजनौर शहर के अलावा नजीबाबाद, हल्दौर क्षेत्र में भी खाद्य विभाग की टीम ने हलाल प्रमाणन उत्पादों की जांच पड़ताल की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव कुमार के नेतृत्व में तीन टीम बनाकर रिटेलर दुकान, स्टाेरों पर हलाल प्रमाणन की खाद्य सामग्री की जांच की।
बिजनौर में विशाल मेगा मार्ट, नजीबाबाद में रिलायंस के स्मार्ट प्वाइंट, हल्दौर में सात दुकानों पर टीम पहुंची। टीम को इस दौरान हलाल प्रमाणक चिन्ह् युक्त कोई खाद्य सामग्री नहीं मिली। क्योंकि डेरी उत्पाद, चीनी, बेकरी उत्पाद, पेपरमेंट आयल, नमकीन रेडी टू ईंट आदि के लेवल पर हलाल प्रमाणन का उल्लेख किए जाने की अधिसूचना जारी कर प्रतिबंध लगाया गया है। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य, कमलेश कुमार, जितेंद्र कुमार, राजीव कुमार मौजूद रहे।