शौचालय के गड्ढे में गिरकर बच्चे की मौत
हल्दौर (बिजनौर)। नगर में स्थित कांशीराम कालोनी के आवास की छत पर अकेले खेलते एक मासूम की नीचे गिरकर शौचालय के टूटे पड़े गड्ढे में गिरकर मौत हो गई।
नगर के कांशीराम कॉलोनी के पास कुछ खानाबदोश जाति के लोग झोपड़ियां डालकर रहते हैं। मध्य प्रदेश प्रांत के जनपद सिवनी के गांव पिपराही निवासी जगजाहिर सिंह के चार वर्षीय पुत्र शेखर शनिवार देर शाम कांशीराम कालोनी की छत पर खेल रहा था। परिजनों के अनुसार शेखर अचानक गायब हो गया। परिजनों ने आसपास तलाशा लेकिन उसका देर शाम तक पता नहीं चला। बाद में जगजाहिर के बड़े पुत्र राजा द्वारा शेखर को कांशीराम कॉलोनी में बने एक आवास की छत पर खेलने की जानकारी प्राप्त हुई। परिजनों के तलाशी के दौरान शेखर कॉलोनी के एक मकान के पास बने शौचालय के टूटे पङे गड्ढे में पड़ा मिला। परिजन उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शेखर की मकान की छत से खेलते समय गिरकर उसकी मौत होने को लेकर असमंजस की स्थिति में है। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।