बिजनौर में परिषदीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए न्याय पंचायत स्तर पर शिक्षा अधिकार अधिनियम मेले आयोजित होने शुरू हो गए हैं। मेलों में अभिभावकों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार को सुझाव लिए जा रहे हैं।
विकास क्षेत्र हल्दौर की न्याय पंचायत अगरी में आरटीई मेले का आयोजन सह ब्लॉक समन्वयक बिजेंद्र कुमार की देखरेख में किया गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा ने मेले में आए ग्रामवासियों से शिक्षा में सुधार के लिए सुझाव लिए। बच्चों को प्रतिदिन यूनिफॉर्म में स्कूल आने के लिए कहा गया। ग्राम प्रधान हुकम सिंह ने बच्चों से शौचालयों का प्रयोग करने को कहा और खुले में शौच नहीं करने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूल नहीं आने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क करने पर जोर दिया। प्रशांत शर्मा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में मुकेश त्यागी, आकाश अग्रवाल, धीरेंद्र सिंह, आदेश कुमार सुनील राणा, संदीप कुमार, जोगेंद्र सिंह, महमूदा जैदी, प्रतिभा रस्तौगी, अनीता रानी आदि ने सहयोग किया।
चंदक। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल की न्याय पंचायत खोड़ा हेड़ी में संकुल प्रभारी वेदप्रकाश की देखरेख में आरटीई मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर सह ब्लॉक समन्वयक विष्णु कुमार ने मेले की सराहना की और कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए मेले से सहयोग मिलेगा। उन्होंने ग्रामवासियों को शिक्षा अधिकार अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी और स्कूल नहीं आने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें स्कूल लाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। मेले में शिक्षकों द्वारा बनाई गई शिक्षण सहायक सामग्री का प्रदर्शन भी किया गया जो बच्चों के मन को खूब भाई। इस मौके पर शिक्षक भीष्म कुमार, मनोज कुमार, राहुल राठी सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।