बिजनौर में शराब के साथ पकड़ा गया तस्कर स्रोत पुलिस
- फोटो : reasi news
बिजनौर। दिल्ली में बम विस्फोट के बाद बिजनौर बैराज पर अचानक चेकिंग शुरू की गई। इस दौरान पानीपत से बिजनौर आ रही शराब की खेप को पकड़ा। पंजाब मार्का शराब के साथ एक आरोपी पकड़ा है जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि बिजनौर बैराज पर बेरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी, तभी मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी बैराज पर पहुंची। चेकिंग की वजह से वाहनों की लाइन में गाड़ी न आगे बढ़ सकी और न ही पीछे हटने का मौका मिला। पुलिस ने संदिग्ध देखते हुए गाड़ी की तलाशी तो 48 पेटी शराब उसमें लदी थी। पंजाब मार्का इस शराब पर चंडीगढ़ में बिक्री के लिए लिखा हुआ है।
पुलिस ने शराब लेकर आ रहे अमित कुमार तिवारी निवासी गांव पलिया थाना मनगवां मध्य प्रदेश हाल पता फाटक वाली रोड पानीपत हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। जबकि सुभाष निवासी पानीपत हरियाणा की तलाश की जा रही है।
बिजनौर आकर मिलनी थी अगली लोकेशन
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे पानीपत के सुभाष ने शराब से भरी गाड़ी देकर भेजा। बिजनौर तक आने जाने के लिए उसे तीन हजार रुपये मिलने थे। फिलहाल उसे बिजनौर शहर तक पहुंचने की बात कही गई थी। बिजनौर पहुंचने के बाद उसे माल उतारने की लोकेशन मिलनी थी। पुलिस ने उस लोकेशन को मंगवाने का प्रयास भी किया मगर पकड़ा गया आरोपी पहले ही पानीपत में बैठे मुख्य आरोपी को फोन पर चेकिंग में पकड़े जाने की आशंका जाहिर कर चुका था। जिसके चलते तस्कर चौकन्ने हो गए।