- पीड़ित ने एसपी को शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। गांव बसंतपुर निवासी पुष्पेंद्र ने छह लोगों पर नौकरी के नाम पर करीब 11 लाख की ठगी करने का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायत की है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव बसंतपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने एसपी को की शिकायत में बताया कि उसने बीए परीक्षा पास की हुई है। नौकरी के लिए तैयारी कर रहा है। 28 जुलाई 2020 को शाम करीब छह बजे छह लोग उसके घर आए तथा उसे व उसके परिवार वालों को विश्वास दिलाया कि हम लोग अपनी बिरादरी में गरीब लोगों के बच्चों को जो पढ़ने में ठीक है, उनकी नौकरी लगवाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि अनेक युवकों को नौकरी लगवा रहे हैं। उनकी बातों का विश्वास करते हुए उसने अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र उक्त लोगों के मांगने पर दे दिए।
आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि फार्म भी भरवा लेंगे और इसके लिये कुछ कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिये और कहा कि कुछ खर्च इसमें आयेगा। बैंक में तुम्हारी नियुक्ति करा दी जायेगी, क्योकि बैंक में एससी वर्ग के लिये स्पेशल भर्ती प्रक्रिया चल रही है। बातों पर विश्वास कर चार बार में कुल साढ़े सात लाख रुपये नकद दे दिए। आरोपियों ने छह अक्टूबर को सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का नियुक्ति पत्र जिसकी ज्वाइनिंग आठ अक्टूबर को मुजफ्फरपुर बिहार में बताते हुए उसे दिया। वह जब वहां गया तो आरोपियों ने शेष रकम मिलने के बाद ज्वाइन करने की बात कही। उनके कहने पर उसने 21 अक्टूबर को अलग अलग तीन लोगों के खाते में साढ़े तीन लाख रुपये अपने तीन रिश्तेदारोंं के खाते से एनईएफटी करा दिए। कर्ज की अदायगी करने में प्रार्थी की जमीन भी बिक गयी है। जब वह बैंक में ज्वाइनिंग करने गया तो पता चला कि नियुक्तिपत्र जाली व फर्जी निकला। पीड़ित ने एसपी को शिकायत कर आरोपियोंं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रुपये दिलाने की गुहार लगाई है।