संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती। सीबीआई का उच्चाधिकारी बनकर साइबर ठग ने जीतपुर निवासी ओमपाल से करीब 36 हजार रुपये ठग लिए। साइबर ठग ने ओमपाल को आतंकवादियों से कनेक्शन होने के नाम डराया धमकाया और फिर मामले को रफा दफा करने के लिए अलग-अलग खातों में यह रकम डलवा ली। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
गांव जीतपुर निवासी ओमपाल सिंह राजपूत अपने गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। वे गांव जीतपुर के अखाड़ा उस्ताद भी है। सोमवार को ओमपाल के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपने आप को सीबीआई का उच्चाधिकारी बताया।
ओमपाल से कहा कि उनके नाम से हैदराबाद में एक बैंक खाता चल रहा है, जिसमें विदेश से आतंकवादियों द्वारा फंडिंग की जा रही है। अगर आपको बचना है तो हैदराबाद पुलिस से संपर्क कर लो। एक अन्य नंबर से हैदराबाद का पुलिस अधिकारी बताकर ओमपाल सिंह से बात भी कराई।
ओमपाल को उसके नाम पर मुकदमा दर्ज होने और गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी होने की बात कहकर डराया धमकाया। एक फर्जी वारंट कापी भी ओमपाल के मोबाइल पर भेज दी। वारंट की कापी देखकर ओमपाल घबरा गया।
साइबर ठगों ने मामले से बचाने के लिए तीन किस्तों में 36,500 रुपये तीन अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी आरोपी लगातार रुपयों की मांग करते रहे। ओमपाल ने मंगलवार की सुबह नांगल थाने पहुंचकर साइबर ठगों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।