नजीबाबाद। नगर की किराना फर्म शाकंभरी ट्रेडर्स से किराना माल उपलब्ध कराने के नाम पर 4.26 लाख रुपये से अधिक की धनराशि ठगी गई। फर्म स्वामी की ओर से लाखों की ठगी की तहरीर पुलिस को सौंपी गई।
नगर के थोक किराना कारोबारी तरुण अग्रवाल सुभाष चंद्र अग्रवाल की कोतवाली मार्ग पर शाकंभरी ट्रेडर्स फर्म है। मैट्रो कैश एंड कैरी गाजियाबाद की ओर से कपिल ने फर्म को मोबाइल कर किराना का सामान बुक किया। फर्म स्वामी की ओर से 12, 13 और 14 अप्रैल को आरटीजीएस के माध्यम से फर्म द्वारा उपलब्ध कराए गए पीएनबी और एक्सिस बैंक के एकाउंट नंबर पर तीन बार में कुल चार लाख 26 हजार 737 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई। बुक किया गया सामान नहीं मिलने और संबंधित मोबाइल नंबर बंद कर लेने पर फर्म कारोबारी को लाखों रुपये की ठगी का पता चला।
फर्म स्वामी तरुण अग्रवाल सुभाष अग्रवाल की ओर से कपिल द्वारा फर्म को किए गए मोबाइल नंबर और संबंधित खातों के नंबर सहित पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लाखों की ठगी की जांच शुरू कर दी है।