धामपुर। धामपुर विद्युत वितरण मंडल क्षेत्र में 13 सहायक अभियंताओं में से 11 को अधीक्षण अभियंता ने संतोषजनक बिजली बिल बकाया वसूली न होने पर आरोपपत्र जारी किए हैं।
हिदायत दी कि मार्च माह के अंत तक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली नहीं हुई तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए निदेशालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी। अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से बिजली उपभोक्ताओं को ब्याज में छूट का लाभ दिलाने के लिए चलाई जा रही एक मुश्त समाधान योजना ओटीएस पिछले दिनों बंद हो गई है। विद्युत वितरण मंडल धामपुर में चार डिविजनों विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय नगीना और नजीबाबाद में 1632 गांव शामिल हैं।
इन सभी गांवों में 4,29895 बिजली उपभोक्ता हैं। वर्तमान वित्तीय सत्र में निगम की ओर से मंडल धामपुर को 675 करोड़ बिजली बकाया वसूली का लक्ष्य दिया गया है। जिसके सापेक्ष अभी तक 415 करोड़ की ही वसूली हो पाई है। मार्च माह में चारों डिविजनों का 66 करोड़ वसूली का लक्ष्य है। जिसके सापेक्ष अभी तक 10 करोड़ की ही वसूली हो पाई है। जो बेहद चिंता का कारण बना है।