हिमाचल प्रदेश से जिले में चरस की तस्करी करने वाला दबोचा
बिजनौर। नया सवेरा अभियान के तहत ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में शहर कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को दबोचा है जोकि हिमाचल से चरस खरीदकर जिले के युवाओं को फुटकर में बेचने का काम करता है। पकड़े गए आरोपी के पास से 470 ग्राम चरस बरामद हुई है। जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है।
शहर कोतवाली पुलिस ने पड़ोस के ही गांव सालमाबाद के रहने वाले भूपेंद्र उर्फ गोलू पुत्र पवन कुमार को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 470 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि नशे की लत में पड़े युवाओं को वह चरस की पुड़िया बेचने का काम करता है। दस ग्राम चरस तीन हजार रुपये में बेची जाती रही। पुलिस के अनुसार हिमाचल के मनाली में रहने वाली एक महिला से चरस खरीद कर यहां तस्करी की जा रही थी। आरोपी के एक और साथी की पुलिस तलाश में लगी हुई।
बता दें कि पुलिस ने इन दिनों नया सवेरा अभियान चलाया हुआ है। जिसके तहत युवाओं को जागरूक करते हुए नशा छोड़ने की अपील की जा रही है। वहीं तीन युवकों को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा नशे की तस्करी करने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।