-जनवरी माह में अभी तक रोजाना आठ से दस घंटे हो रही मिल नौ-केन
-गन्ना आपूर्ति के लिए चीनी मिल शासन में मांग रही थी और गन्ना क्षेत्रफल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिंदल ग्रुप की चांगीपुर चीनी मिल को सात गन्ना क्रय केंद्र मिल गए हैं। जनवरी माह में शुरू से ही चीनी मिल पर्याप्त गन्ना आपूर्ति नहीं होने से रोजाना आठ से दस घंटे नौ केन हो रही थी। चीनी मिल द्वारा और गन्ना क्षेत्रफल आवंटित करने की मांग की जा रही थी। शासन व गन्ना विभाग ने चीनी मिल को बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद जिले की चीनी मिलों के करीब सात क्रय केंद्र दे दिए हैं।
जनपद में 2 लाख 83 हजार 363 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्रफल है। इस क्षेत्रफल की पेराई के लिए जनपद में दस चीनी मिलों का संचालन हो रहा है। इनमेें बिंदल ग्रुप की चांगीपुर चीनी मिल का पेराई सत्र इस साल से शुरू हुआ। गन्ना सुरक्षण आदेश में चीनी मिल को ट्रायल के लिए मिल गेट की परिधि का गन्ना क्षेत्रफल आवंटित किया था। चीनी मिल अधिकारियों का कहना है कि गन्ना क्षेत्रफल कम होने के कारण चीनी मिल जनवरी माह की शुरूआत से नौ-केन हो रही है।
चीनी मिल प्रबंधन की ओर से गन्ना क्षेत्रफल और देने की मांग की जा रही थी। इस पर शासन व गन्ना विभाग की ओर से चीनी मिल को फीना द्वितीय, नवादा, हिसामपुर, खेड़ा अपरोला, पीला कुंड, कैल बकरी द्वितीय एवं ईसपा इस्माइलपुर क्रय केंद्र मिले हैं।
इन चीनी मिलों के दिए गन्ना क्रय केंद्र
चांगीपुर चीनी मिल के अध्याशी जितेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि फीना द्वितीय धामपुर चीनी मिल से, नवादा चांदपुर मिल से, हिसामपुर असमोली मिल से, खेड़ा अपरोला अगवानपुर से, पीला कुंड धनौरा चीनी मिल से, कैल बकरी द्वितीय एवं ईसपा इस्माइलपुर स्योहारा चीनी मिल के क्रय केंद्र आवंटित हुए है।