बिजनौर में 51 परीक्षा केंद्रों के बदले गए व्यवस्थापक
बिजनौर। जिले में यूपी बोर्ड के 51 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक बदल दिए गए हैं। शासन ने बलिया पेपर लीक के मामले को देखते हुए यह कदम उठाया है। फैसले से माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों में हड़कंप मचा है। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी दी गई है।
बलिया में यूपी बोर्ड परीक्षा का अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया था, जिसके चलते सूबे के 24 जिलों में अंग्रेजी की परीक्षा निरस्त करनी पड़ी। जांच एजेंसी मामले की तहत तक पहुंचने में जुटी। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार प्रथम दृष्ट्या पेपर वित्तविहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र से लीक होने की बात सामने आई है।
जिले में 131 परीक्षा केंद्र हैं। 11 राजकीय, 69 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 51 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि 51 वित्त विहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र हैं। इन विद्यालयों के प्रधानाचार्य केंद्र व्यवस्थापक हैं। अब सभी 51 केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है। आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।
नए केंद्र व्यवस्थापक तैनात
शासन के निर्देश पर 51 केंद्र व्यवस्थापकों के बदले जाने के बाद संबंधित केंद्रों पर नए केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति कर दी गई है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि इन केंद्रों पर राजकीय तथा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य व शिक्षक अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक पहले से ही नियुक्त हैं। अब अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को वहीं केंद्र व्यवस्थापक बना दिया गया है। नवनियुक्त केंद्र व्यवस्थापकों ने जिम्मेदारी संभाल ली है।
आज महत्वपूर्ण पेपर
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार चार अप्रैल को प्रथम पाली में हाईस्कूल का विज्ञान तथा द्वितीय पाली में इंटर का गणित व जीवविज्ञान का पेपर है। दोनों पाली में महत्वपूर्ण पेपर है। प्रशासन दोनों पाली में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुटा है।
परीक्षा केंद्रों पर निगाह रख रही एलआईयू
शासन के निर्देश के अनुसार चार अप्रैल को होने वाले गणित, विज्ञान तथा जीवविज्ञान के पेपरों को ध्यान में रखते हुए एलआईयू को अलर्ट कर दिया गया है। एलआईयू सभी परीक्षा केंद्रों पर निगाह रखने के साथ असामाजिक तत्वों पर भी निगाह रखेगा। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार प्रमुख सचिव ने सभी अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर एसटीएफ तैनात करने को कहा है।