- प्रथम नवरात्र के पूर्व नगर में निकाली गई मां भगवती की रथयात्रा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। नगर में भक्त और मां दुर्गा के बीच प्रेम का रिश्ता मंगलवार को सहज साकार होता दिखा। भगवान के रथ के सारथी बनने के लिए भक्त बेताब नजर आए। सुहाने मौसम के बीच भक्तों ने माता रानी का रथ खींचा।
महाभारतकालीन देवी मंदिर पर नवरात्र महोत्सव के शुभारंभ पर देवी मंदिर कमेटी द्वारा नवरात्र से पूर्व नगर में मां भगवती की रथयात्रा सुंदर झांकियों व बाजे के साथ धूमधाम से निकाली गई। एसडीएम रितु रानी मां की रथयात्रा शुरू होने से समापन तक सारथी के रूप में साथ रहीं।
मंगलवार को रथयात्रा से पूर्व रामलीला मैदान में मां भगवती की प्रतिमा का स्नान कर शृंगार किया गया। पूजा अर्चना के बाद रथयात्रा निकाली गई। माता रानी की रथयात्रा का शुभारंभ उपजिलाधिकारी रितु रानी ने नारियल फोड़कर किया।
रथयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर नगर के फव्वारा चौक, नेहरू मूर्ति, ढाली बाजार, शिवमूर्ति, बाजार बजरिया, सातो इमली, स्याऊ होते हुए देवी मंदिर पर सम्पन्न हुई। रथयात्रा में सबसे आगे झंडा, ढोल नंगाडे़, गणेश जी, श्रीकृष्ण भगवान, श्री हनुमान दरबार, मां दुर्गा, खाटू श्याम, मां सरस्वती आदि की सुंदर झांकी यात्रा की शोभा बढ़ा रही थी। सबसे पीछे मां भगवती रथ पर सवार थीं। रथ को एसडीएम रितु रानी व श्रद्धालु आगे बढ़ा रहे थे। माता के रथ के आगे मशाल प्रज्ज्वलित हो रही थी, कीर्तन मंडली मां का गुणगान कर रही थी।
रथयात्रा के समापन पर देवी मंदिर पर आरती की गई। यात्रा में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार राय, क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार टीम के साथ शामिल रहे। रथयात्रा में मंदिर कमेटी अध्यक्ष कीर्ति प्रकाश, जगत शर्मा, मोहित जिंदल, राजीव अग्रवाल, सतेंद्र चंद्रा, कृष्णौतार बैंकर्स, मोहित कुमार, राहुल तायल, सत्यप्रकाश शर्मा, अश्विनी जिंदल, किशन भाटिया, अनिल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।