- मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए जारी किया अलर्ट
- बिजनौर में 100 एमएम से अधिक बारिश होने की जताई जा रही संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। ऐसे में अब मौसम विभाग ने फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। आज बादलों की तेज गर्जना के साथ भारी बारिश की संभावना है।
भारत सरकार पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय भारत मौसम विज्ञान विभाग मौसम केंद्र के अनुसार जिले में आज भारी बारिश हो सकती है। जिलेभर में 100 एमएम से अधिक बारिश होने की संभावना है। आसपास के जिलों में भी तेज बारिश बताई जा रही है। बारिश होने से नदियों के जलस्तर में वृद्धि संभव है। जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
नदियों में उफान आने से आसपास के गांवों में पानी आने की संभावना है। इसके अलावा अधिक बारिश से शहरों की सड़कें भी जलमग्न हो जाएंगी। रविवार को पूरे दिन आसमान में हल्के बादल छाए रहे। जिसे देख लग रहा है कि सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय मौसम सुहावना हो गया। मंद-मंद हवाएं चलने लगीं।