बिजनौर। कमिश्नर के आदेश मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा ने ड्रग वेयर हाउस बिजनौर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय सीडीओ ने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से ऑनलाइन व ऑफलाइन प्राप्त डिमांड के आधार पर दवाई जारी करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन चेक किया।
सोमवार देर शाम निरीक्षण के दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद, जिला महिला चिकित्सालय बिजनौर की डिमांड पर दवाइयां जारी हुई पाई गई। अधिकांश सभी की रिक्वेस्ट और जारी तिथि एक ही है। डॉ. शैलेश जैन अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व फार्मासिस्ट को निर्देश दिए गए कि सभी से ऑनलाइन ही डिमांड प्राप्त की जाएं और उसी के आधार पर ड्रग वेयर हाउस से दवाइयां निर्गत की जाएं। इस संबंध में सभी को एक पत्र भी जारी कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय ड्रग वेयर हाउस में 396 दवाई उपलब्ध मिली, जिनके विवरण की पीडीएफ संलग्न मिली। फार्मेसिस्ट को अलमारियों में रखे सभी अभिलेखों को व्यवस्थित किए जाने के निर्देश दिए गए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी संबंधित फार्मासिस्ट ने बताया कि ड्रग वेयरहाउस के लिए इस गोदाम के अतिरिक्त अन्य दो गोदाम और भी हैं। कुल तीन गोदाम किराए पर लिए गए हैं, जिनका अंकन 1,94,000 प्रतिमाह किराया कारपोरेशन द्वारा सेंट्रल वेयरहाउस को भुगतान किया जाता है।
इन गोदामों की मरम्मत कराने के बावजूद भी इनमें बरसात में पानी टपकता है तथा गर्मियों में इनका तापमान बहुत अधिक रहता है। उनके द्वारा ड्रग वेयरहाउस को अन्यत्र स्थापित कराने अथवा शासकीय भूमि में नया ड्रग वेयर हाउस निर्मित कराने का अनुरोध किया गया। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि ड्रग वेयर हाउस के निर्माण के लिए नियम अनुसार प्रस्ताव बनाकर भिजवाएं। ड्रग वेयर हाउस में दवाई के रख रखाव आदि के संबंध में शासन से निर्गत आदेशों-निर्देशों की प्रति भी उपलब्ध कराएं।