बिजनौर। जिला पर्यावरणीय समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक सीडीओ पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें सीडीओ ने ईओ को कोतवाली देहात, चांदपुर में साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। वहीं एक कमेटी गठित कर गंगा घाटों में दुकान लगाने वालों से एग्रीमेंट कराया जाए। घाट की साफ-सफाई, रखरखाव एवं सुरक्षा के लिए सफाई कर्मी तैनात किए जाए।
मंगलवार को आयोजित बैठक में सीडीओ ने सघन अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण एवं वितरण करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एआरटीओ को मोडिफाइड साइलेंसरों का प्रयोग करने पर कार्रवाई करने के लिए कहा। साथ ही जिन डीजल व पेट्रोल वाहन की उम्र पूरी हो चुकी है, उन पर ग्रीन टैक्स लगाकर कार्रवाई की जाए। सीडीओ ने 22 गांवों में नालों के गंदे पानी के ट्रीटमेंट के लिए एक सप्ताह में निस्तारण का भी निर्देश दिया।
वहीं प्राइवेट अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट को उचित ढंग से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। इंदिरा पार्क में सफाई कार्यक्रम आयोजित किया जाए। क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर सभी ब्लॉक एवं नगर पालिका के सफाई कर्मी, एनजीओ आदि एक दिन में समुचित रूप से सफाई करेंगे। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।