जलीलपुर (बिजनौर)। बुधवार की रात चोरों ने गांव सुल्तानपुर निवासी यूट्यूबर नवीन सिंह के घर से जेवरात व नकदी चोरी कर लिए। परिजनों ने करीब 30 लाख रुपये का नुकसान बताया।
गांव सुल्तानपुर निवासी करतार सिंह का बेटा नवीन सिंह यूट्यूबर है। इसके यू ट्यूब पर करीब 60 लाख व इंस्टाग्राम 40 लाख फालोवर्स हैं। कई दिनों से नवीन सिंह पत्नी मीरा के साथ वीडियो बनाने के लिए मथुरा गए हुए थे। बुधवार की रात चोरों ने नवीन के मकान में घुसकर चोरी को अंजाम दिया। नवीन सिंह की मां मुनेश देवी ने बताया वह और नवीन की दादी मकान में नीचे सोए हुए थे। नवीन का मकान ऊपरी मंजिल पर बना है। उसका ताला बंद किया हुआ था। चोरों ने आठ लाख की नकदी व जेवरात आदि मिलाकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर घटना की जानकारी ली। पुलिस की फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया साढ़े पांच लाख रुपये नकद व करीब सात लाख रुपये का जेवरात आदि चोरी होना बताया है। पुलिस जांच कर रही हैं जल्दी ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।