नजीबाबाद के नयागांव में चोरी की सूचना पर जांच को पहुंची पुलिस।स्रोत-ग्रामीण
नजीबाबाद। मथुरापुर मोर के नयागांव में पूर्व सैनिक के घर में शनिवार को दिनदहाड़े लाखों की चोरी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। उधर, मोहल्ला रम्पुरा से बाइक चोरी हो गई।
नयागांव में शनिवार को करीब साढ़े 12 बजे पूर्व सैनिक कृष्ण बहादुर के मकान के प्रथम तल पर अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी हो गए। जिस समय चोर कमरा खंगाल रहे थे, उस समय पूर्व सैनिक का पुत्र अर्जुन बहादुर मकान के ऊपरी तल पर ही नहा रहा था। माता-पिता नीचे सो रहे थे। बताया गया कि नहाते समय अर्जन बहादुर ने आहट सुनी तो उसने माता-पिता को आवाज दी। माता-पिता ऊपर पहुंचे तो अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी में पड़ी करीब 80 हजार रुपये की नकदी और लाखों के आभूषण गायब थे।
उधर, मोहल्ला रम्पुरा निवासी जितेंद्र कैसले के मकान के बाहर खड़ी उनके भाई नरेंद्र की बाइक देर रात चोरी हो गई। सीसीटीवी फुटेज में कार से दो लोगों के क्षेत्र में आने और बाइक चोरी कर ले जाते कैद हुए हैं।