- पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर साले से करा दी शादी, अब दोनों को करा दिया अलग
- छह माह की गर्भवती होने पर पीड़िता ने पुलिस से लगाई गुहार, आरोपी हिरासत में
- आरोपी दारा सिंह किरतपुर ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात है
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शादीशुदा ग्राम पंचायत अधिकारी दारा सिंह ने एक छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया। फिर खुद को फंसता देख साले से शादी करा दी। प्रेम संबंधों को छुपाए रखने की धमकी देकर आरोपी दुष्कर्म करता रहा। बाद में दोनों को अलग भी करा दिया। अब पीड़िता ने छह महीने की गर्भवती होने पर आरोपी ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बिजनौर शहर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि साल 2020 में पढ़ाई के दौरान दारा सिंह पुत्र छोटे निवासी बाखरपुर गढ़ी से उसके संबंध हो गए। दारा सिंह ने उसे शादी का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए। छह महीने बाद उसे पता चला कि दारा सिंह पहले से ही शादीशुदा है।
इसके बाद आरोपी ने झांसा देकर उसकी शादी नजीबाबाद क्षेत्र में रहने वाले अपने साले से करा दी। मगर, आरोपी दारा सिंह प्रेम संबंधों की बातों को दबाए रखने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे पति से भी अलग करा दिया। वह छह माह की गर्भवती हो गई। जब उसने दारा सिंह को अपने घर में रखने के लिए कहा तो आरोपी ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बता दें कि आरोपी दारा सिंह किरतपुर ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात है। शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने की धारा में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसे हिरासत में भी ले लिया है।