विजयी जुलूस निकालने पर प्रधान सहित नौ पर केस
धामपुर। पुलिस ने गांव पीपलसाना में विजयी जुलूस निकालने के विरोध में हुए हंगामे के आरोप में नवनिर्वाचित प्रधान नरेंद्र सिंह सहित नौ लोगों को नामजद करते हुए करीब 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक कोरोना महामारी के मद्देनजर सरकार की ओर से चुनाव जीतने के बाद विजेता प्रत्याशी की ओर से गांवों में जश्न मनाकर जुलूस निकाले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी है। आरोप है कि गांव पीपलसाना में नरेंद्र कुमार ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। प्रधान ने जीत का प्रमाण पत्र लेने के बाद समर्थकों के साथ गांव में जुलूस निकालना शुरू कर दिया। जिससे दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। जिसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई की गई है।
नामजद आरोपियों में साहिल, सुहेब, सोहिल, वासिल, सिवली, समीर, अहसान व जीशान शामिल हैं। पुलिस ने सरकार के आदेशों का उल्लंघन करने, कोरोना महामारी के मद्देनजर सरकार की गाइड लाइन का पालन नहीं करने के आरोप में रिपोर्ट कायम की है। मतगणना के दौरान केएम इंटर कॉलेज के गेट के बाहर भीड़ एकत्र कर कोविड 19 की गाइड लाइन का उल्लंघन करने के आरोप में कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कायम कराई गई है।