ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अफजलगढ़। गांव जयसिंह जोत बादीगढ़ निवासी एक महिला ने ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। महिला ने न्यायालय में शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान पर जाति का फर्जी कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
मूर्ति देवी पत्नी ऋषिपाल सिंह ने गांव की ग्राम प्रधान प्रीती देवी, ग्राम प्रधान पति नोबहार सिंह व परवेंदर सिंह पर आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में हुए ग्राम प्रधानी के चुनाव में भाग लिया। महिला का कहना है कि प्रधान पद की सीट पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित थी। प्रीती देवी ग्राम राजबर झल्ला पंचायत बुधनगर थाना प्राणपुर जिला कटिहार बिहार की रहने वाली है। प्रीती देवी किस जाति की है यह स्पष्ट नहीं है। प्रधानी के चुनाव में भाग लेने के लिए इन तीनों लोगों ने हमसाज होकर फर्जी कूटरचित तरीके से पिछड़ी जाति प्रमाणपत्र बनवा लिया। उसी के आधार पर प्रीती देवी चुनाव लड़ी ओर जीत गई।
महिला का आरोप है कि प्रधान पद के चुनाव में इन लोगों ने जानबूझकर झूठी सूचना देकर छल पूर्वक चुनाव लड़कर जीता है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।