लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने विक्रेता इरशाद को हिरासत मेें लिया
खाद्य विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बाजार में सिंघाड़े पर तेजाब छिड़कते देख लोगों ने विक्रेता इरशाद पकड़ लिया। इसे लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस विक्रेता को पकड़कर थाने ले गई। खाद्य विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाजार शंभू दयाल बिल्डिंग के पास इरशाद ठेले पर सिंघाड़े बेच रहा था। वहां से गुजर रहे लोगो ने सिंघाड़ों के ऊपर एक बोतल से तरल पदार्थ छिड़कते हुए देखा तो जानकारी ली। उसने बताया कि सिंघाड़े को साफ करने के लिए तेजाब छिड़क रहा हुं।
यह बात सुनकर लोगों ने इरशाद को पकड़ लिया और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। इरशाद को पुलिस ठेले सहित थाने ले गई। सूचना पर पहुंचे खाद्य विभाग के अधिकारियों ने सिंघाड़े का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया।
सिंघाड़े पर छिड़कने वाले तरल पदार्थ की जांच की गई है। जांच में तरल पदार्थ तेजाब और यूरीन नहीं पाया गया है। यह सिर्फ सिंघाड़ा साफ करने का केमिकल है। दोनों के नमूने जांच के लिए भेजे गए है। ...संग्राम सिंह, सीओ सिटी, बिजनौर