कार सवार बदमाशों ने व्यापारियों पर फायर झोंका
नगीना(बिजनौर)। होटल से खाना खाकर बाहर निकले नगर के तीन युवा सर्राफा व्यापारियों पर सेंट्रो कार सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहल्ला शाहजहीर निवासी अतुल मित्तल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बुधवार की रात सवा दस बजे वह शुभम मित्तल व पारस मित्तल के साथ अकबराबाद चौराहा स्थित होटल में खाना खाकर बाहर निकल रहे थे। मोहल्ला पंजाबियान निवासी अमान का झगड़ा सेंट्रो कार में सवार धामपुर के मोहल्ला बंदूकचियान निवासी वसीम गलगटा व हल्दौर थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक गंगौड़ा निवासी एजाज तथा एक अन्य के साथ हो रहा था। अमान से झगड़ा करने वालों ने अतुल, शुभम व पारस के साथ बेवजह गाली गलौज शुरू कर दी तथा जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। तीनों बाल-बाल बच गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि नामजद वसीम गलगटा व एजाज को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा सेंट्रो कार व घटना में प्रयुक्त दो तमंचे व कारतूस भी बरामद लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।