कार ने भैंसा-बुग्गी में टक्कर मारी, किसान की मौत
शेरकोट। हाईवे-74 पर मुबारकपुर कुंडा के पास भैंसा-बुग्गी में बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी चालक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव सातनगर निवासी छुन्नू (40) बुधवार सुबह भैंसा-बुग्गी से जंगल से अपने घर जा रहा था। काशीपुर की ओर से तेज गति से आ रही कार ने बुग्गी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में भैंसा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि छुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में थाना प्रभारी का कहना है कि शव को कब्जे को लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम को भेजा है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।