-हिंदी, गणित के ज्यादातर प्रश्न अभ्यर्थियों को लगे आसान
-दोनों पालियों में पेपर देख खिले अभ्यर्थियों के चेहरे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के सिर रीजनिंग और करंट अफेयर्स के कुछ सवालों को देखकर चकरा गया। परीक्षा के बाद अभ्यर्थी बोले, हिंदी के सवाल आसान थे, वहीं गणित के सवालों ने उलझाया। अभ्यर्थियों से दो घंटे के पेपर में 150 प्रश्न पूछे गए।
अभ्यर्थी अरशद मलिक ने बताया कि पेपर आसान थे। उसने सभी प्रश्नों का जवाब दिया है। रीजनिंग के सवाल थोड़ी कठिन पूछे गए थे, जिन्हें हल करने में परेशानी हुई।
अभ्यर्थी उज्ज्वल ने कहा कि परीक्षा को लेकर वह एक साल से तैयारी कर रहे थे। पेपर आसान था। जो उसने पढ़ा था, उससे संबंधित सवाल प्रश्न पत्र में पूछे गए थे। वह परीक्षा में जरूर सफल होगा।
अभ्यर्थी लक्ष्मण का कहना है कि गणित के सवाल थोड़े कठिन लगे। बाकी सभी प्रश्न आसान थे। समय से उसने अपना पेपर हल कर लिया था। हिंदी के सवाल ज्यादा आसान लगे।
अभ्यर्थी मनीष पाल ने कहा कि पुलिस का वर्दी पहनना उसका सपना है। जिसे साकार करने के लिए वह तैयारी कर रहा है। उसका पेपर अच्छा हुआ है। ज्यादातर सवाल आसान थे।
अभ्यर्थी अभिषेक ने बताया कि परीक्षा में करंट अफेयर्स से संबंधित सवालों ने सिर घुमा दिया था। कठिन सवाल पूछे गए थे। बाकी हिंदी, रीजनिंग, गणित के सवाल आसान लगे।
अभ्यर्थी किरन का कहना है कि पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर अच्छा हुआ है। परीक्षा में सफल होने की पूरी उम्मीद है। गणित और रीजनिंग से संबंधित सवाल थोड़े कठिन लगे।
अभ्यर्थी जसवंती ने कहा कि प्रश्न पत्र में आए ज्यादातर सवाल के उत्तर उसे पता थे। करंट अफेयर्स के कुछ सवालों ने उलझा दिया। पेपर अच्छा हुआ है। परीक्षा को लेकर उसकी पूरी तैयारी थी।
अभ्यर्थी रिंकी का कहना है कि वह बिलारी से परीक्षा देने आई है। परीक्षा तो अच्छी हुई है। गणित के सवालों में वह उलझ गई थी। साथ ही उन्हें परीक्षा केंद्र ढूंढने में काफी परेशानी हुई।