मंडावली/नजीबाबाद। मंडावली के गांव काशीरामपुर में कैंसर पीड़ित एक और व्यक्ति की मौत हो गई। 12 वर्षों में कैंसर से यह 27वीं मौत है। वर्तमान में कई ग्रामीण कैंसर से पीड़ित हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
मंडावली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत काशीरामपुर में कैंसर पीड़ित धीर सिंह की रविवार को मृत्यु हो गई। धीर सिंह को गले का कैंसर था। करीब एक वर्ष के भीतर 62 वर्षीय संतोष शर्मा और 60 वर्षीय जग्गो देवी की कैंसर मौत हो चुकी है। गांव के पूर्व प्रधान अनुज राठी और बाबूराम की भी दो वर्ष के भीतर कैंसर से मौत हो चुकी है। एक के बाद एक मौतों से ग्रामीणों में दहशत है। वर्तमान में गांव में इमला देवी (61), ज्योति (28), मुमताज (30), सरफराज (47) आदि कैंसर से पीड़ित हैं।
ग्रामीणों ने गांव के दूषित पानी को कैंसर की वजह बताया था। इसके चलते जल निगम की टीम ने गांव के सात इंडिया मार्का हैंडपंपों से पानी के नमूने लिए थे। पानी के पांच नमूने फेल होने के बाद पांच हैंड पंपों की चेन उतारकर उनका संचालन रोका दिया था। पानी की किल्लत होने पर दो हैंडपंप ग्रामीणों ने अपने तौर पर चालू कर लिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अंकित कुमार ने काशीरामपुर में कैंसर पीड़ित एक और व्यक्ति की मौत होने की जानकारी मिलने पर विभाग की ओर से गांव में टीम भेजने की बात कही है।
करीब छह माह पूर्व गांव के हैंडपंपों के पानी की जांच कराई गई थी। पांच हैंडपंपों के पानी के नमूने फेल होने के बाद उनका संचालन रोका गया था। दो हैंडपंपों को पशुओं को पानी आदि के लिए चालू करने की सूचना मिली है। तत्काल हैंडपंप बंद कराए जाएंगे। - शुभम सक्सेना, सहायक अभियंता, जल निगम, बिजनौर
गांव काशीरामपुर में कैंसर पीड़ितों की जानकारी पूर्व में भी मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव जाकर संबंधित मामले में जांच को कहा गया है। - शैलेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम, नजीबाबाद