बिजनौर। पशुओं में होने वाले खुरपका-मुंहपका रोग के नियंत्रण के लिए टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण वैन को डीएम जसजीत कौर ने बुधवार को कलक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया। जनपद में 22 जुलाई से 8 सितंबर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 57 हजार गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि जनपद के सभी 11 ब्लॉकों में स्थित सभी पशु चिकित्सालयों के माध्यम से टीकाकरण संपादित किया जाएगा। इसके लिए 30 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं को निशुल्क टीका लगाएंगे। बताया कि चार माह से कम आयु के पशु तथा 8 माह से अधिक गर्भित गाय एवं भैंसों को छोड़कर सभी पात्र पशुओं को टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वह अपने गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में टीकाकरण कार्य कराएं।